लेदवा स्कूल पर बच्चों को बाल संरक्षण के प्रति दिया गया प्रशिक्षण



सिद्धार्थनगर। 
जहीर अहमद 
ब्लाक संसाधन केन्द्र शोहरतगढ़ क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय लेदवा में गुरुवार को बच्चों में बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कवच परियोजना के अंतर्गत मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान तथा बाल कल्याण पुलिस अधिकारी थाना शोहरतगढ़ के संयुक्त सहयोग से बाल समूह के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण सत्र के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपनिरीक्षक परमानंद राय, महिला आरक्षी अम्बिका व शोभा भारती ने बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, शारीरिक एवं मानसिक शोषण तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।एमएसईएमवीएस (MSEMVS) के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अमन शर्मा ने बताया कि यदि किसी बच्चे के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या शोषण होता है।तो वह बिना किसी भय के अपने अभिभावक, शिक्षक या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दे सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आपात स्थिति में इस हेल्पलाइन के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।सत्र को सहभागितापूर्ण बनाने के लिए बच्चों को प्रश्न पूछने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना तथा बाल संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।पुलिस विभाग द्वारा बच्चों को टोल फ्री नंबर 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 एवं 1090 की जानकारी भी दी गई,ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे सहायता प्राप्त कर सकें। पुलिस महिला आरक्षी अम्बिका  ने कहा कि बाल विवाह केवल सरकारी प्रयासों या बच्चों को जागरूक करने से ही समाप्त नहीं होगा, बल्कि इसके लिए समाज और समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज से बाल विवाह जैसी कुरीतियां समाप्त होंगी।कार्यक्रम के अन्त में 18 वर्ष के कम आयु में बाल विवाह न करने के लिए शपथ दिलाई।बच्चों ने प्रशिक्षण को उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, राकेश कुमार राज, सिद्धार्थ कुमार, रेनू मद्धेशिया,पवन चौरसिया,अमन शर्मा, रूपा उमर, उपनिरीक्षक परमानंद राय,पुलिस महिला आरक्षी अंबिका,शोभा भारती, कांस्टेबल पवन मौर्य,अविनाश सिंह तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। 

टिप्पणियाँ