छापेमारी कर अवैध अल्ट्रासाउंड मशीन किया सील * एफआईआर दर्ज करने के दिये निर्देश

सिद्धार्थनगर।
जहीर अहमद
जिले के ब्लॉक मिठवल क्षेत्र के तिलौली बाजार में बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे अवैध जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर एंड पैथोलॉजी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दिया।

छापेमारी के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। टीम के पहुंचते ही सेंटर का मुख्य शटर बंद कर दिया गया। प्रशासन द्वारा मुस्तैदी दिखाते हुए सेंटर में प्रवेश किया गया और मुख्य शटर का ताला तोड़कर जांच शुरू की
गई।सेंटर में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और प्रिंटर बरामद हुआ, जिसके संचालन के लिए संचालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा  सका।जांच टीम ने बरामद मशीन और प्रिंटर को सील करते हुए जब्त कर डिड़ई थाने में सुरक्षित रखवा दिया है। नोडल अधिकारी ने अवैध संचालन के आरोप में संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए। छापेमारी टीम में नायब तहसीलदार सीपी श्रीवास्तव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र चौधरी और पटल सहायक रोहित वर्मा शामिल रहे।उक्त के सम्बन्ध में नोडल अधिकारी (पीसीपीएनडीटी) डॉ. मानवेंद्र पाल ने बताया कि
तिलौली चौराहे पर बिना पंजीकरण अवैध ढंग से अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। छापेमारी में इसकी पुष्टि होने पर मशीन को सील कर दिया गया है और संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। 

टिप्पणियाँ