शोहरतगढ़ में डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा * बाबा साहब ने महिलाओं को दिलाया समान अधिकार - चेयरमैन उमा अग्रवाल
शोहरतगढ़,सिद्धार्थनगर।
जहीर अहमद
भारत रत्न डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती के अवसर पर मंगलवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ क्षेत्र में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा के साथ आकर्षक झांकियां निकाली गईं। यह शोभायात्रा आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड संख्या-07 सुभाष नगर नारायनपुर से प्रारम्भ होकर तहसील मुख्यालय, पुलिस सहायता केन्द्र, तिरंगा चौराहा, वार्ड संख्या-02 अटल नगर होते हुए गौहनिया चौराहा पहुंची तथा पुनः अटल नगर (छतहरा) स्थित शिवशंकर ढाबा के सामने मैदान में पहुंचकर जनसभा में परिवर्तित हो गई। विभिन्न क्षेत्रों से निकली शोभायात्राएं मुख्य मार्ग पर आकर एकजुट हुईं, जिससे पूरा क्षेत्र बाबा साहेब के जयघोष से गूंज उठा। जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूज्य भन्ते बुद्ध रतन जी ने भगवान बुद्ध के जन्मोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंचशील सिद्धान्त की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने कहा कि ये सिद्धान्त मानव जीवन को नैतिकता, अहिंसा और सदाचार की दिशा में आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने लोगों से भगवान बुद्ध के विचारों को अपना कर समाज में शान्ति, करुणा और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रही चेयरमैन शोहरतगढ़़ उमा अग्रवाल ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें समान अधिकार दिलाने में बाबा साहेब की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण रही है। निवर्तमान विधायक अमर सिंह चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए संघर्ष किया और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ0 सरफराज अंसारी (सर्जन) ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने परिवार, क्षेत्र और समाज का नाम रोशन कर सकता है। चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “आधी रोटी कम खाएं, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाएं।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि पूरे भारत में बाबा साहेब की जयन्ती उत्सव के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय बौद्ध महासभा, तहसील इकाई शोहरतगढ़ के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में बभनी, भैसहवा, नकाही, पकड़ी, बुड़नइया, खरगावर, बानगंगा, महथा, मड़वा, नीबी, चिल्हियां, बेलगड़ा सहित विभिन्न गांवों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। वहीं जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के सन्देशों को अपनाने का आह्वान किया गया। वहीं सभास्थल पर नीबी दोहनी गांव की बच्चियों ने रिकॉर्डिंग डांस प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं अन्य बच्चों ने भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वीपाल भारती ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मुरलीधर मिश्रा, मणेन्द्र मिश्रा, सांसद प्रभारी सूर्य प्रकाश पाण्डेय, राममिलन भारती, रामबिलास यादव, गोपाल प्रसाद फौजी, प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल अजीज, सभासद प्रतिनिधि मोनू, मनोज, वाहिद खान, बनवारी गुप्ता, बृजेश कुमार, हरिश्चन्द्र, अरुण कुमार भारती, मातादीन, सर्वजीत भारती, सच्चिदानन्द, दधीचि कुमार विमल, नागेन्द्र कुमार, श्याम प्रकाश, शिव चन्दर भारती, पूर्व ग्राम प्रधान बेचन प्रसाद, हेमन्त गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़़ मयंक द्विवेदी, थानाध्यक्ष शोहरतगढ़़ नवीन कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी उप निरीक्षक सन्तोष यादव, उप निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, कांस्टेबल प्रभाकर यादव, दिनेश यादव सहित थाना शोहरतगढ़ की पुलिस बल तैनात रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें