'स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकली रैली * रैली के माध्यम से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए लोगों को किया गया प्रेरित

  

जहीर अहमद 
सिद्धार्थनगर।

विकास क्षेत्र शोहरतगढ़़ के प्राथमिक विद्यालय बगुलहवा में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गांव की गलियों में घूम-घूमकर लोगों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। रैली में बच्चों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाये जैसे -“हर बच्चा स्कूल जायेगा, देश का भविष्य बन जायेगा”, “आओ मिलकर कदम बढ़ाएं, बच्चों को स्कूल पहुंचाएं”,
“शिक्षा है सबसे बड़ा धन, इससे रोशन हो जीवन”। वहीं रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में शैक्षिक संगोष्ठी, वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा फल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह, एसएमसी अध्यक्ष निसार अहमद चौधरी, शिक्षक संजय कुमार एवं तौफीक अहमद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिनमें राम निवास, बेचन राम, बिलाल अहमद, सकीरा, साहिदा एवं ज्योति शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय के 17 बच्चों को वार्षिक परीक्षा का परिणाम वितरित किया गया। जिनमें प्रमुख रूप से सपना, अनुष्का, संजना, जोया, फरहाना एवं सुनैना समेत अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। प्रधानाध्यापक ने अपने सम्बोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे का स्कूल जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसमें बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

टिप्पणियाँ